जमुआ में नहीं बन रहा जाति, आय, आवासीय प्रमाण पत्र; हजारों लोग परेशान इंडिया गठबंधन ने दिया एक सप्ताह का अल्टिमेटम
Last Updated on February 5, 2024 by Gopi Krishna Verma

गिरिडीह। जिला अंतर्गत जमुआ प्रखंड़ में हजारों विद्यार्थियों का जाति, आय, आवासीय प्रमाण पत्र नहीं बन पा रहा है। अंचल निरीक्षक के अनुसार केवल अंचल निरीक्षक के आईडी में 2500 से अधिक प्रमाण पत्र लम्बित है।

उक्त जानकारी आम आदमी पार्टी झारखंड़ के प्रदेश प्रवक्ता कृष्ण मुरारी शर्मा ने सोमवार को जमुआ में कही। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी अंचल कार्यालय का चक्कर लगा लगाकर परेशान हैं। श्री शर्मा ने कहा कि अंचल कार्यालय के मुख्य द्वार पर एक नोटिस भी कई सवाल खड़ा कर रहा है। उन्होंने कहा कि प्रमाण पत्र बनाने का अधिकतम समय 30 दिन है। जमुआ में सेवा का अधिकार कानून का उल्लघंन हो रहा है। दो-दो महीने से प्रमाण पत्र नहीं बना है। इसका प्रमाण देते हुए उन्होंने कहा कि शाहिन प्रवीण खरगडीहा का आवेदन 25 नवम्बर 2023 से लंबित है। वहीं मो. तौहिद आलम बदडीहा का आवेदन 29 दिसम्बर, 2023 से लंबित है।

श्री शर्मा ने कहा कि इंडिया गठबंधन ने एक सप्ताह का अल्टिमेटम दिया है। एक सप्ताह के अंदर लंबित सभी प्रमाण पत्र नहीं बना तो इसके खिलाफ जमुआ में जोरदार धरणा प्रदर्शन किया जाएगा।
जमुआ बीस सूत्री अध्यक्ष जुनैद आलम ने कहा कि मामला बहुत गंभीर है शीघ्र समस्या का निदान होना चाहिए। बीससूत्री उपाध्यक्ष सचिदानंद सिंह ने 24 घंटे के अंदर लंबित मामलों को खत्म करने का अल्टिमेटम दिया है। झामुमो प्रखंड़ अध्यक्ष चिन्ना खान ने कहा कि यह सरकार को बदनाम करने की साज़िश है। शीघ्र समस्या का निदान नहीं हुआ तो मुख्यमंत्री से शिकायत की जाएगी।
मौके पर पूर्व मुखिया श्यामदेव हजरा, आम आदमी पार्टी के जिला उपाध्यक्ष रोजन अंसारी, आशीष भदानी, तैयब अंसारी, झामुमो नेता जाहीद रजा, जलाल अंसारी, लियाकत अंसारी, आप नेता समशुद्धीन अंसारी, सरयू राय सहित कई लोग मौजूद थे।