बड़ी ख़बर: गिरिडीह से ही लीक हुआ जैक मैट्रिक साइंस व हिंदी का पेपर

0

Last Updated on February 25, 2025 by Gopi Krishna Verma

मैट्रिक के मजदूर छात्रों ने किया पेपर लीक, कारवाई में जुटी पुलिस

जैक पेपर लीक 2025: गिरिडीह से जैक पेपर लीक मामले में एक बड़ी खबर सामने आई है। पुलिस के अनुसार 10वीं बोर्ड का हिंदी और साइंस का प्रश्न पत्र गिरिडीह के स्ट्रांग रूम से लीक हुआ है। स्ट्रांग रूम से प्रश्न पत्र चोरी करने वाला छात्र गिरिडीह में रहकर मजदूरी करता था।

सूचना के अनुसार जैक बोर्ड ने प्रश्न पत्रों को ट्रक से गिरिडीह भेजा था। जिसे कसाई मुहल्ला के पास जिला जनसंपर्क विभाग कार्यालय के पीछे स्थित शहरी आजीविका केंद्र में बनाए गए अस्थाई स्ट्रांग रूम में रखा गया था। स्ट्रांग रूम तक ट्रक के पहुंचने की कोई व्यवस्था नहीं थी, इस वजह से प्रश्न पत्रों को टोटो में लादकर प्रश्न पत्र को स्ट्रांग रूम तक पहुंचाया गया। पुलिस को जांच में पता चला है कि ट्रक से प्रश्न पत्रों को स्ट्रांग रूम तक पहुंचने में जिन मजदूरों को लगाया गया था उनमें कुछ छात्र भी थे। उन्हीं छात्रों ने कुछ प्रश्न पत्रों को गायब कर दिया।

सूत्रों के अनुसार इन्हीं लोगों के माध्यम से प्रश्न पत्र अलग-अलग इलाके में भेजे गए। पुलिस ने मंगलवार को गिरिडीह के न्यू बरगंडा में छापामारी कर इन छात्रों को गिरफ्तार भी कर लिया है। गिरफ्तार छात्रों के निशानदेही पर ही पुलिस स्ट्रांग रूम तक पहुंची और पूरी स्थिति का जायजा लिया।

.इस मामले में पुलिस ने 2 लोगों को गिरफ्तार किया है जबकि कुल 11 लोगों को हिरासत में लिया गया है। पेपर लीक मामले के मास्टरमाइंड रोहित कुमार ने पुलिसिया पूछताछ के दौरान यह खुलासा किया कि उन्हें गिरिडीह में प्रश्न पत्रों से भरे वाहन से माल उतारने के लिए श्रमिक के रूप में लगाया गया था। इसी दौरान उन्होंने सील पैक प्रश्न पत्र को ब्लेड से काटकर चोरी किया और उसका पीडीएफ बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।

गिरफ्तार आरोपियों में मास्टरमाइंड मुख्य आरोपी रोहित कुमार के अलावे मुकेश कुमार, लालमोहन कुमार, अशु कुमार पांडेय, कृष्णा कुमार पांडेय एवं कमलेश कुमार शामिल हैं। ये सभी गिरिडीह मे रहकर पढ़ाई व मजदूरी करते हैं। कोडरमा पुलिस ने इन छह आरोपियों को हिरासत में लेकर अपने साथ कोडरमा चली गई।

About Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *