बिरनी: राष्ट्रीय युवा महोत्सव में जितेन्द्र ने तीसरी बार जीता मेडल

0

Last Updated on March 9, 2025 by Gopi Krishna Verma

बिरनी। प्रखंड क्षेत्र के ग्राम झांझ निवासी शिक्षक नागेश्वर प्रसाद के पुत्र जितेन्द्र कुमार ने लगातार तीसरी बार राष्ट्रीय युवा महोत्सव में पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया है। एसोसियेशन ऑफ इंडियन यूनिवर्सिटीज, नई दिल्ली द्वारा एमिटी यूनिवर्सिटी नोएडा में 3 मार्च से 7 मार्च तक आयोजित 38वें अंतर विश्वविद्यालय राष्ट्रीय युवा महोत्सव में रांची विश्वविद्यालय का प्रतिनिधित्व करते हुए जितेन्द्र कुमार ने मिमिक्री प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए रजत पदक जीता।
   
टीम मैनेजर सह अंग्रेजी विभाग की विभागाध्यक्षा डॉ पूनम निगम सहाय ने जितेन्द्र कुमार के मिमिक्री प्रस्तुति के बारे में विशेष जानकारी बताते हुए कहा कि इस महोत्सव में संपूर्ण भारत से 148 विश्वविद्यालयों ने भाग लिया था, जिसमें जितेन्द्र कुमार ने बॉलीवुड के अभिनेताओं, विभिन्न कार्टून की आवाजें, विभिन्न इंस्ट्रूमेंट्स के आवाजें निकाली ओर पदक जीता।


  
इस उपलब्धि पर रांची विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. अजीत कुमार सिन्हा ने उन्हें बधाई दी और कहा कि जितेन्द्र कुमार ने लगातार तीसरी बार राष्ट्रीय युवा महोत्सव में पदक जीतकरकर रांची विश्वविद्यालय का नाम संपूर्ण भारतवर्ष में ऊंचा किया हैं, हमें उनपर गर्व हैं।  
जितेन्द्र कुमार ने उपलब्धि के बारे में कहा कि लगातार तीसरी बार राष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुति करना और पदक जीतना बहुत बड़ी बात है, मैं अपने विश्वविद्यालय और अपने परिवार को धन्यवाद देना चाहता हूं, जिन्होंने मुझे हमेशा समर्थन दिया है जिसका परिणाम यह है कि मैंने मेडल की हैट्रिक लगाई।


बताते चले कि सबसे पहले  फरवरी 2023 में जितेन्द्र ने जैन विश्विद्यालय बेंगलुरु में कांस्य पदक जीता था, इसके बाद मार्च 2024 में पंजाब एग्रीकल्चर यूनिवर्सिटी लुधियाना में सिल्वर मेडल जीता था।
शिक्षा के साथ साथ जितेन्द्र कुमार कला और सामाजिक सेवा में भी रुचि रखते हैं और राष्ट्रीय सेवा योजना समेत अन्य प्रकार से समाज में जागरूकता को लेकर, शिक्षा और कला के प्रचार को लेकर सक्रिय रहते हैं। अपने राज्य झारखंड का प्रतिनिधित्व संसद भवन ,नई दिल्ली में कर चुके हैं और देश के आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी से मुलाकात कर चुके हैं।

इस खास मौके पर जितेन्द्र कुमार ने अपनी जीत का श्रेय गुरु दीपक झा को देते हुए माता मंजू वर्मा, बड़े भैया डॉ रणधीर कुमार, समेत सभी साथियों का आभार व्यक्त किया है। दिनेश्वर वर्मा, प्रेमचंद प्रसाद कुशवाहा, दीनदयाल प्रसाद, बिनोद कुमार, विकाश कुमार, सुरेश वर्मा, गोपी वर्मा, रोहित कुमार समेत अन्य लोगों ने शुभकामनाएं दिया।

About Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *