रांची विश्वविद्यालय में खेल एवं सांस्कृतिक दीक्षांत समारोह संपन्न, बिरनी के युवक जितेंद्र को किया गया सम्मानित
Last Updated on February 6, 2025 by Gopi Krishna Verma

बिरनी। गुरुवार को रांची विश्वविद्यालय में पहला खेल- सांस्कृतिक दीक्षांत समारोह कार्यक्रम संपन्न हुआ। उक्त कार्यक्रम में झारखंड के महामहिम राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार तथा ओलिंपियन मनोहर टोप्पो भी उपस्थित थे। इस बीच बिरनी प्रखंड के लिए गौरव की बात थी कि इसी प्रखंड के एक सहायक शिक्षक नागेश्वर प्रसाद वर्मा एवं गृहिणी मंजू वर्मा का सुपुत्र जितेंद्र कुमार वर्मा को कांस्य पदक से सम्मानित किया जा रहा था।

आपको बता दें कि बिरनी प्रखंड के ग्राम झांझ निवासी नागेश्वर प्रसाद वर्मा का पुत्र जितेन्द्र कुमार रांची विश्वविद्यालय के अंग्रेजी विभाग में अध्ययनरत हैं, यह सम्मान उनके मेहनत और समर्पण का परिणाम है। रांची विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. अजीत कुमार सिन्हा ने जितेन्द्र कुमार की सफलता को खास तौर पर सराहा; क्योंकि उन्होंने राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित पंजाब एग्रीकल्चर यूनिवर्सिटी, लुधियाना में आयोजित 37 वें राष्ट्रीय युवा महोत्सव में मिमिक्री प्रतियोगिता में रजत पदक प्राप्त किया था। यह रांची विश्वविद्यालय के लिए एकमात्र पदक था, जिस पर पूरा विश्वविद्यालय गर्व महसूस करता है। जितेन्द्र की इस अद्वितीय उपलब्धि से न केवल उनका बल्कि पूरे विश्वविद्यालय का नाम देशभर में रौशन किया।
बताते चलें कि इसके पहले भी जितेन्द्र कुमार अपने राज्य झारखंड का प्रतिनिधित्व संसद भवन, नई दिल्ली में कर चुका हैं और देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ मुलाकात कर चुका है। जितेन्द्र कुमार अपने उच्च शिक्षा ग्रहण करते हुए अपने हुनर को राष्ट्रीय पटल पर निखार कर अभी तक कुल पांच मेडल प्राप्त कर चुका है और राष्ट्रीय सेवा योजना के साथ मिलकर समाज सेवा में भी हाथ बंटाने में आगे रहा है।

इस सफलता का श्रेय जितेन्द्र ने अपने पिता को देते हुए कहा कि उन्होंने हमेशा हमारा मार्गदर्शन किया है और उन्हें कठिनाईयों के बावजूद आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। बताते हैं कि एक विद्यार्थी को शिक्षा के साथ कला और समाज सेवा पर भी ध्यान देना चाहिए ताकि सर्वांगीण विकास हो सके।
यह कार्यक्रम न केवल जितेन्द्र कुमार जैसे कलाकारों की सफलता का सम्मान करता है ,बल्कि विद्यार्थियों को यह प्रेरणा भी देता है कि वे शिक्षा के साथ-साथ समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी को भी समझें। इस खास मौके पर जितेन्द्र कुमार अपने परिवारजन , साथियों, शिक्षिकाओं समेत प्रेस बंधुओं का आभार प्रकट करते हैं जिन्होंने कदम कदम पर इनका साथ दिया।