केंद्र की सत्ता गलत हाथों में: कल्पना सोरेन

0

Last Updated on May 14, 2024 by Gopi Krishna Verma

गिरिडीह। मंगलवार को जिले में सूबे के पूर्व मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन की पत्नी कल्पना सोरेन ने कहा कि केंद्र की सत्ता गलत हाथों में चली गई है।

देश में अम्बानी, अडानी और ईडी की सरकार चल रही है। केंद्र सरकार ने ईडी का दुरुपयोग करके आदिवासी के बेटा हेमन्त सोरेन को झूठा मुकदमा कर जेल में डालने का काम किया है। कल्पना मुर्मू सोरेन तिसरी के गांधी मैदान में मंगलवार को कोडरमा लोकसभा से इंडिया गठबंधन के प्रत्याशी विनोद सिंह के पक्ष में आयोजित जनसभा को सम्बोधित करते हुए उक्त बातें कही।

उन्होंने बाबूलाल मरांडी के घर यानी तिसरी में दहाड़ते हुए कहा कि हेमन्त सोरेन आपके और राज्य की बेहतरी के लिए काम कर रहे थें। लेकिन आदिवासी का बेटा हेमन्त सोरेन राज्य का मुख्य मंत्री बना तो भाजपाइयों के पेट में पीड़ा होने लगी और इन्हें भाजपा पचा नही पाई। हेमन्त सोरेन ने केंद्र सरकार से झारखंड का हक मांगा तो उन्हें जेल में डाल दिया गया।

हेमन्त सोरेन झारखंड का लाल है। उन्हें यहां की जनता जनार्दन और यहां की धरती से प्यार है। वह हमेशा राज्य के युवाओं के बेहतरी के लिए सोंचते थें। युवाओं को नौकरी कैसे मिले,गरीबों का पेट कैसे भरे,खेतों में पानी कैसे पहुंचे उन्हें इसकी चिंता रहती थी। पिछली भाजपा की सरकार में बाहरियों को नौकरी दी गई और झारखण्ड का युवा बेरोजगार ही रह गया।

कल्पना सोरेन ने अपने ससुर का गुणगान करते हुए कहा कि शिबू सोरेन ने झारखंड राज्य बनाने के लिए लंबी लड़ाई लड़ी है। तब जाकर झारखंड राज्य का गठन हो सका है। राज्य बनने के बाद हेमन्त सोरेन की सरकार में पूरे राज्य में चहुमुखी विकास हुआ है। उन्होंने कहा कि दिल्ली के सदन में गांव की समस्या और आपकी आवाज गूंजे इसके लिए इंडिया गठबन्धन के प्रत्याशी विनोद सिंह को वोट देने की जरूरत है। विनोद सिंह व्यक्ति नहीं बल्कि विचारधारा है। ये सदन में मुखर होकर क्षेत्र की समस्या को लेकर आवाज बुलंद करने का काम करते हैं। अगर आप इन्हें भारी मत देकर जिताने का काम करेंगे तो निश्चित रूप से दिल्ली के सदन में आपकी आवाज गूंजेगी। उन्होंने विनोद सिंह को वोट देने के लिए लोगों से अपील की। कल्पना सोरेन ने कहा कि लोकसभा चुनाव में विनोद सिंह की जीत हुई तो निश्चित तौर पर तिसरी और गावां में डिग्री कॉलेज खोला जाएगा।

पूर्व विधायक राजकुमार यादव ने कहा कि इंडिया गठबन्धन की बढ़ती लोकप्रियता से भाजपा बौखला गई है। आगामी लोकसभा चुनाव में विनोद सिंह की जीत पक्की है। उन्होंने कहा कि अन्नपूर्णा देवी ने सांसद बनने के बाद ना तो कभी सदन में क्षेत्र की समस्या को लेकर आवाज बुलंद करने का काम किया है और ना ही वह कभी क्षेत्र में घूमी ही है। यही वजह है कि हर जगह अन्नपूर्णा देवी का विरोध हो रहा है। इंडिया गठबन्धन के प्रत्याशी विनोद सिंह ने कहा कि लोकसभा चुनाव जीता तो इस क्षेत्र की तस्वीर बदल दी जाएगी और क्षेत्र में विकास की लंबी लकीर खींची जाएगी।

इन लोगों ने भी किया संबोधित: राज्य सभा सदस्य सरफराज अहमद, पूर्व विधायक निजामउद्दीन अंसारी, कांग्रेस जिला अध्यक्ष धनन्जय सिंह,महबूब आलम,मंटू शर्मा आदि लोगों ने सभा को संबोधित किया। अध्यक्षता रामजीत मुर्मू ने की जबकि संचालन मुन्ना राणा ने किया।

About Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *