गवाही देने से किया मना, नहीं मानने पर उतारा मौत का घाट
Last Updated on January 31, 2025 by Gopi Krishna Verma
मामला तिसरी के सिंघो निवासी विजय यादव हत्याकांड का

गिरिडीह। शुक्रवार को गिरिडीह एसपी डॉ. बिमल कुमार ने प्रेसवार्ता नया समाहरणालय पपरवाटांड़ में किया। उन्होंने बताया कि गिरिडीह जिले के तिसरी थाना क्षेत्र के सिंघो गांव में बीते 27 जनवरी की शाम 7:30 बजे अज्ञात अपराधियों द्वारा विजय यादव (40) का अपहरण कर लिया गया था।

घटना को गंभीरता से लेते हुए गिरिडीह पुलिस ने 29 जनवरी को मामला दर्ज कर त्वरित जांच शुरू की दी। इधर खोरीमहुआ अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी राजेन्द्र प्रसाद के नेतृत्व में टीम गठित कर विशेष टीम और बिहार के सिमुलतल्ला पुलिस की सहायता से 24 घंटे के भीतर अपराध का खुलासा कर दिया। अपहरण के बाद विजय यादव की हत्या कर दी गई थी।

पुलिस ने शव, हत्या में प्रयुक्त फरसा, बोलेरो वाहन (संख्या-110BK-1488) और अन्य सबूत बरामद किए। गिरफ्तार अभियुक्तों ने पुरानी रंजिश को हत्या का कारण बताया। इधर गिरफ्तार आरोपी में बाबुचन्द यादव 37 वर्ष, पवन यादव 30 वर्ष, अरूण कुमार शर्मा, मनोज यादव शामिल थे। आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।