नई आर्थिक नीति के कारण देश में बेरोजगारी बढ़ी है: धर्म प्रकाश
Last Updated on May 1, 2024 by Gopi Krishna Verma
बीमा कर्मचारी संघ ने अंतर्राष्ट्रीय मजदूर दिवस मनाया

गिरिडीह। बुधवार को गिरिडीह ज़िले में अखिल भारतीय बीमा कर्मचारी संघ गिरिडीह के द्वारा अंतर्राष्ट्रीय मजदूर दिवस के अवसर पर एलआईसी परिसर में कार्यक्रम आयोजित की गई। जिसका नेतृत्व मंडलीय संयुक्त सचिव धर्म प्रकाश तथा अध्यक्षता संजय शर्मा ने किया।
कार्यक्रम में अखिल भारतीय बीमा कर्मचारी संघ के अलावे बैंक यूनियन, झारखंड कोल इंप्लाइज फेडरेशन, मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव के सदस्यों ने भाग लिया। कार्यक्रम की शुरुआत शहीद बेदी पर पुष्प अर्पित कर किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए संयुक्त सचिव धर्म प्रकाश ने कहा कि प्रत्येक वर्ष पूरे विश्व में अंतर्राष्ट्रीय मजदूर दिवस, श्रमिक वर्ग के संघर्षों और समाज में योगदान के बारे में जागरूकता बढ़ाने के लिए मनाया जाता है। 1886 में अमेरिका में एक बड़ा प्रदर्शन हुआ, जहां मजदूरों ने रोजाना 8 घंटे काम के अधिकार की मांग की। उस प्रदर्शन को असफल करने के लिए वहां की पुलिस ने लाठी चार्ज किया। जिसमें सैकड़ों मजदूर घायल हो गए। 1889 में यूरोप के समाजवादी पार्टियों के द्वारा 1 मई को अंतर्राष्ट्रीय मजदूर दिवस के रूप में मनाने का फैसला किया। उक्त आंदोलन के बाद मजदूर वर्ग को 8 घंटे काम का अधिकार प्राप्त हुआ; लेकिन 135 वर्षों के बाद उदारीकरण तथा वैश्वीकरण नीतियों के लागू हो जाने के कारण यह अधिकार छीना जा रहा है।
विभिन्न संस्थानों में निविदा पर बहाली की जा रही है, जहां मजदूर वर्ग का आर्थिक और शारीरिक शोषण किया जा रहा है। पूंजीवादी नीतियों के तहत देश के महत्वपूर्ण संस्थानों को कॉर्पोरेट के हाथों बेचा जा रहा है। जिससे स्थाई रोजगार में भारी कमी आई है। देश के 44 श्रम कानूनों को समाप्त कर कॉरपोरेट को लाभ पहुंचाने की नीयत से 4श्रम कोड बनाया गया, जो श्रमिक के हितों के प्रतिकूल है।
सहायक सचिव अनुराग मुर्मू ने कहा कि आज फिर से दुनिया के मजदूरों को एक होने की जरूरत है तथा श्रमिक विरोधी नीतियों का मुख्य विरोध करना जरूरी है।
कार्यक्रम को बीएसएसआर यूनियन के मृदुल कांति दास, अराजपत्रित कर्मचारी संघ के कृष्ण जी, एलआईसी पेंशनर्स एसोसिएशन के मंडली उपाध्यक्ष लक्ष्मी नारायण गुप्ता ने भी संबोधित किया।
कार्यक्रम में विजय कुमार, उमानाथ झा, डेनियल मरांडी, राजेश कुमार उपाध्याय, कुमकुम बाला वर्मा, श्वेता, अंशु सिंघानिया, श्वेता कुमारी, विनय कुमार, विजय कुमार, राजेश कुमार, बिरसा मुंडा, प्रवीन हांसदा, अनिल वर्मा, नीतीश कुमार गुप्ता, गौरव कुमार सिंह, देवनाथ दास, कुलजीत कुमार रवि, नीरज कुमार सिंह, प्रभात शर्मा, माहेश्वरी वर्मा, अभय कुमार, प्रदीप कुमार, संजय कुमार शर्मा, प्रज्ञा आनंद, सबा प्रवीण, सुकृति बर्मन, प्रदीप प्रसाद, पंकज कुमार घनश्याम साव सहित तमाम कर्मचारियों ने भाग लिया।